श्री अरासुरी अम्बाजी माता मंदिर, गुजरात Shri Arasuri Ambaji Mata Temple, Gujarat
यदि आपको भारत के प्रमुख शक्तिपीठों के दर्शन करने हैं, तो गुजरात के अरासुरी अम्बाजी मंदिर के दर्शन के बिना आपकी यात्रा अधूरी है। अम्बा—भवानी का यह प्राचीन मंदिर इसलिए भी अनोखा है, क्योंकि यहां गर्भगृह में मां की प्रतिमा नहीं, बल्कि उनका श्रीयंत्र स्थापित है। यह सुसज्जित श्रीयंत्र ही इस तरह से सजाया जाता है कि देखने में मां का स्वरूप नज़र आए।
यह मंदिर गुजरात-राजस्थान सीमा पर स्थित है। माना जाता है कि बाल्यावस्था में श्रीकृष्ण का मुंडन संस्कार यहीं पर संपन्न हुआ था। मर्यादा पुरुषोत्तम राम भी शक्ति की उपासना के लिए यहाँ आ चुके हैं। यह शक्तिपीठ इसलिए भी खास माना जाता है, क्योंकि यहां माता सती का हृदय गिरा था। इस मंदिर का वर्णन तंत्र चूड़ामणि में भी है। लगभग बारह सौ वर्ष पुराने इस मंदिर का शिखर 103 फ़ीट ऊंचा है और इस पर 358 स्वर्ण कलश स्थापित हैं। सफेद संगमरमर से बने इस मंदिर का लगभग 45 वर्षों से जीर्णोद्धार कार्य चल रहा है, जो आज भी जारी है।
मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर गब्बर पहाड़ है। यह पहाड़ विशेष श्रद्धा का केन्द्र है, क्योंकि यह माना जाता है यहां माता का मूल मंदिर स्थापित है। लोकमत के अनुसार यहां एक पत्थर पर मां के पदचिन्ह हैं। साथ ही यहां रथचिन्ह भी देखे जा सकते हैं। आस्था के अनुसार गब्बर पर्वत पर जाए बिना मां के दर्शन अधूरे हैं।
मन्दिर में दर्शन का समय:
यहां दिनभर दर्शन किए जा सकते हैं। अम्बाजी मंदिर में हर वर्ष भाद्रपद पूर्णिमा के मौके पर मेला लगता है। इसके अलावा नवरात्र में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां उपासना के लिए आते हैं। भवई और गरबा का आयोजन यहां आकर्षण का केन्द्र रहते हैं।
Shri Arasuri Ambaji Mata Temple, Gujarat on Google Map
कैसे पहुंचें (How To Reach)
अम्बाजी मंदिर गुजरात और राजस्थान की सीमा पर है। नजदीक स्टेशन माउंट आबू है। आप अहमदाबाद से हवाई सफर भी कर सकते हैं। अम्बाजी मंदिर अहमदाबाद से 180 किलोमीटर और माउंटआबू से 45 किलोमीटर दूरी पर स्थित है।

Very beautiful highly energtic shakti temple...beautiful...
ReplyDelete.shakti place...