चन्द्रिका देवी तीर्थ धाम, लखनऊ (Chandrika Devi Teerth Dham, Lucknow, Uttar Pradesh)
लखनऊ से लगभग 28 किलोमीटर की दूरी पर चन्द्रिका देवी का प्राचीन मंदिर स्थित है, जो यहां जन आस्था का केन्द्र है। यह मंदिर लखनऊ-नई दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर स्थित बख्शी का तालाब कस्बे से 11 किलोमीटर की दूरी पर कठवारा गांव में स्थित है। यह मंदिर चंडी देवी यानी दुर्गा को समर्पित है।
लगभग 300 साल पुराना यह मंदिर प्राकृतिक वातावरण के बीच रमणीय स्थान पर स्थित है। यह मंदिर तीन ओर से गोमती नदी के पानी से घिरा है। माना जाता है कि रामायण काल से ही इस मंदिर का महत्व है। यह माही सागर तीर्थ के नाम से भी जाना जाता है। स्कंद और कर्म पुराणों में भी इस मंदिर का जिक्र आता है। माना जाता है कि यहां प्राचीनकाल से ही नव दुर्गा पेड़ की कोटर में विराजित थी और पूजी जाती थीं। बाद में श्रद्धालुओं की मदद के लिए 18वीं सदी में यहां भव्य मंदिर का निर्माण हुआ।
यहां प्राचीन परंपरा के अनुसार हर महीने की अमावस्या को मेला लगता है। नवरात्रा में भी यहां मेले का माहौल होता है। यहां मनोकामना के लिए मंदिर परिसर में घण्टा बांधा जाता है।
स्कन्द पुराण के अनुसार द्वापर युग में घटोत्कच के पुत्र बर्बरीक ने इस स्थान पर यानी चन्द्रिका देवी धाम स्थित महीसागर संगम में तप किया था। यह भी मान्यता है कि दक्ष प्रजापति के श्राप से प्रभावित चन्द्रमा को भी श्रापमुक्ति हेतु इसी महीसागर संगम तीर्थ के जल में स्नान करने के लिए चन्द्रिका देवी धाम में आना पड़ा था। यह भी कहा जाता है कि महाभारतकाल में पाण्डव द्रोपदी के साथ अपने वनवास के समय इस तीर्थ पर आए थे।
मंदिर में एक विशाल हवन कुण्ड, यज्ञशाला, मां का दरबार, बर्बरीक द्वार, सुधन्वा कुण्ड, महीसागर संगम तीर्थ के घाट हैं, जो श्रद्धालुओं का मन मोह लेते हैं।
मन्दिर में दर्शन का समय:
मंदिर में गर्मी में प्रात: 4 बजे से रात 11 बजे तक दर्शन किए जा सकते हैं। सर्दी में दर्शन का समय प्रात: 5 बजे से रात 10 बजे तक होता है। आरती प्रात: 7 बजे और रात्रि 8 बजे होती है। अमावस्या की पूर्व संध्या पर विशेष मंगला आरती होती है। प्रतिदिन दोपहर 1 से 2 बजे तक मंदिर के कपाट बंद रहते हैं।
Chandrika Devi Teerth Dham, Lucknow, Uttar Pradesh on Google Map
कैसे पहुंचें (How To Reach)
रेल मार्ग : लखनऊ जंक्शन से 30 किलोमीटर।
हवाई मार्ग : लखनऊ एयरपोर्ट से 40 किलोमीटर।
सड़क मार्ग : लखनऊ बस स्टैंड से 30 किलोमीटर।

0 comments :
Post a Comment